West Bengal CM Suvendu Adhikari News In Hindi: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत हुई है। सुवेंदु अधिकारी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। कोलकाता के ‘बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर’ में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से उन्हें नेता चुना गया। बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने औपचारिक रूप से उनके नाम का ऐलान किया।
नेता चुने जाने के तुरंत बाद, सुवेंदु अधिकारी ने राजभवन (लोकभवन) जाकर राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। वे कल (9 मई) सुबह 11 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा सहित NDA के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।

अमित शाह के संबोधन की 5 बड़ी बातें
विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला और भाजपा की जीत को ‘वैचारिक विजय’ बताया:
- गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा: शाह ने कहा कि 1950 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जिस विचार की नींव रखी थी, आज 100 साल की वैचारिक यात्रा के बाद बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है।
- कार्यकर्ताओं की कसक हुई पूरी: उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने पर जितनी खुशी थी, कार्यकर्ताओं के मन में एक कसक थी कि बंगाल में भाजपा का झंडा फहराना है, जो आज पूरा हुआ।
- 3 से 207 विधायकों का सफर: भाजपा की यह यात्रा अभूतपूर्व रही। 2016 में 3 सीटों से शुरू होकर आज हम 207 सीटों पर पहुंचे हैं। 9 जिलों में तो टीएमसी का खाता तक नहीं खुल सका।
- घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे: शाह ने स्पष्ट किया कि यह ध्रुवीकरण नहीं बल्कि देश की सुरक्षा का मुद्दा है। बंगाल ही नहीं, पूरे देश से घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा।
- महिला सुरक्षा टॉप प्रायोरिटी: उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार में अपराधी राजनेता नहीं बनेंगे। विकास, हिंसा मुक्त बंगाल और महिला सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता होगी।
सुवेंदु: ‘जाइंट किलर’ जिसने ममता को उनके ही गढ़ में हराया
56 साल के सुवेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में खुद को ‘जाइंट किलर’ साबित किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके सबसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र भवानीपुर से मात दी। साथ ही, नंदीग्राम से भी उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। बता दें कि 2021 में भी उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम में हराया था। इस बार भाजपा ने राज्य की 294 सीटों में से 207 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है।













