Dehradun international seminar on cinnamon News: देहरादून के सगन्ध पौध केन्द्र में आयोजित होने वाली दालचीनी विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज सचिवालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा आगामी 11 और 12 जून को दालचीनीः प्रवर्धन, सतत खेती एवं कटाई उपरांत प्रौद्योगिकियों में नवाचार विषय पर एक अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भारत सहित कई देशों के विशेषज्ञ भाग लेंगे।

यह आयोजन उत्तराखण्ड सरकार की महत्वाकांक्षी “उत्तराखण्ड महक क्रांति नीति 2026-36” के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य दालचीनी की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देना और उत्तराखण्ड को दालचीनी उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इस नीति के अंतर्गत चम्पावत और नैनीताल जिलों में लगभग 5200 हेक्टेयर क्षेत्रफल में “सिनेमन वैली” विकसित की जा रही है, जिससे किसानों, उद्यमियों और उद्योगों के लिए नए अवसर सृजित होंगे।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि सेलाकुई, देहरादून स्थित सगन्ध पौधा केन्द्र का नाम परफ्यूमरी एवं सगन्ध अनुसंधान एवं विकास संस्थान किया गया है। यह संस्थान एरोमैटिक सेक्टर का एक प्रमुख संस्थान है, जो सगन्ध पौधों की खेती, प्रशिक्षण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण, अनुसंधान एवं विकास और व्यवसायीकरण के क्षेत्र में कार्यरत है। वर्ष 2003 में जहां एरोमैटिक सेक्टर का टर्नओवर 2 करोड़ रुपये था, वहीं वर्ष 2025 में बढ़कर यह 100 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।







