देहरादून स्कूल बंद रखने का आदेश जिला प्रशासन ने जारी किया है।
देहरादून में खराब मौसम के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 24 जनवरी को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला किया है।
जिलाधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष सविन बंसल ने आदेश जारी करते हुए बताया कि 24 जनवरी 2026 को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू होगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने देहरादून जिले के लिए मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 24 जनवरी को जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।

इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के तीव्र दौर का ‘ऑरेंज अलर्ट’जारी किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में जिले के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की स्थिति बनी हुई है।ऐसे में संवेदनशील रास्तों और स्थलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना का खतरा हो सकता है। आपदा न्यूनीकरण के तहत ही यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जारी किया गया है। इसके साथ ही पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, टिहरी और पिथौरागढ़ में भी जिला प्रशासन के खराब मौसम के मद्देनजर स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
उत्तराखंड के लिए अगले 7 दिनों का जनपद – स्तरीय मौसम पूर्वानुमान https://mausam.imd.gov.in/dehradun/mcdata/DISTRICT_FORECAST.pdf
यहाँ भी पढ़े: उत्तराखंड के पहाड़ों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, सीजन की पहली बर्फबारी से खिले पर्यटकों के चेहरे








