Mussoorie E rickshaw trial successful News: पर्यटन सीजन में जाम की समस्या से जूझने वाली मसूरी को जल्द राहत मिल सकती है। शहर में ई-रिक्शा आधारित शटल सेवा शुरू करने की दिशा में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए विभिन्न मार्गों पर ई-रिक्शा का सफल ट्रायल किया।

एसडीएम राहुल आनंद, परिवहन विभाग, नगर पालिका और मसूरी पुलिस की मौजूदगी में किंक्रेग, माल रोड, कंपनी गार्डन, किताबघर और पिक्चर पैलेस मार्गों पर अलग-अलग कंपनियों के ई-रिक्शा चलाकर उनकी क्षमता का परीक्षण किया गया।

पहाड़ी मार्गों और तीखी चढ़ाइयों पर ई-रिक्शा के प्रदर्शन को संतोषजनक पाया गया। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि मसूरी को जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से ई-रिक्शा शटल सेवा की योजना पर काम किया जा रहा है। ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है और अब इसके संचालन के लिए नियमावली तैयार की जा रही है।

एआरटीओ चारू पंत मिश्रा ने कहा कि ई-रिक्शा पर्यावरण अनुकूल, किफायती और सुविधाजनक परिवहन साधन है। यदि योजना लागू होती है तो इससे यातायात का दबाव कम होगा और प्रदूषण पर भी नियंत्रण मिलेगा।







