Uttarakhand Accident News : उत्तराखंड में आज का दिन हादसों के साथ भरा रहा, जहां इस दौरान अलग-अलग हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी मार्ग पर आज एक दर्दनाक हादसा हो गया । यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी। हादसे में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई ।

घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू चलाया और शवों को खाई से बाहर निकाला। मृतक दिल्ली और गाजियाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया तेज ढलान पर कार के ब्रेक फेल होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
Uttarakhand Monsoon Meeting News: मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करें अधिकारी- सीएम
मृतकों में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद तथा संगीता (46 वर्ष) पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली शामिल हैं। मसूरी में लगातार बढ़ते पर्यटक वाहनों और पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा मानकों को लेकर यह हादसा एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीव्र ढलानों वाले मार्गों पर वाहनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा उपायों को और अधिक सख्ती से लागू किए जाने की आवश्यकता है।
वहीं बागेश्वर के कपकोट में भी आज सुबह सड़क हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक कपकोट-बागेश्वर मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

हादसे में वाहन चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं 5 घायल महिलाओं में से एक की हालत नाजुक बनी हुई थीं जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया लेकिन उसने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया। 4 महिलाओं का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उक्त वाहन असों क्षेत्र से भैरों की ओर घास लेने जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।







