उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी अयोध्या में दुनिया का पहला रामायण थीम पर आधारित वैक्स म्यूजियम बनकर तैयार हो गया है। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या के पर्यटन को विश्व स्तर पर ले जाने की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। संभावना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौवें दीपोत्सव समारोह के दौरान इसका लोकार्पण करेंगे।
लगभग 9,850 वर्ग फीट क्षेत्र में फैले इस पूर्णतः वातानुकूलित (एयर कंडीशंड) म्यूजियम के निर्माण में लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस दो मंजिला संग्रहालय में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान, रावण, विभीषण सहित रामायण के 50 प्रमुख पात्रों की जीवंत मोम की प्रतिमाएं प्रदर्शित की गई हैं। इन प्रतिमाओं को इतनी बारीकी से उकेरा गया है कि दर्शकों को त्रेता युग का अनुभव होगा।
म्यूजियम को साउथ इंडियन वास्तु शैली में बनाया गया है। ग्राउंड फ्लोर पर रामलला के बाल रूप से लेकर सीता स्वयंवर तक के प्रसंगों को दर्शाया गया है, जबकि पहले तल पर भगवान राम के वनवास, हनुमान जी द्वारा लंका दहन और राम-रावण युद्ध जैसे प्रमुख दृश्यों को 3डी लाइट और साउंड इफेक्ट के साथ जीवंत किया गया है। हर प्रतिमा के लिए खास लाइटिंग की व्यवस्था की गई है।
केरल की प्रसिद्ध सुनील वैक्स म्यूजियम कंपनी ने इस संग्रहालय को तैयार किया है। सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी और फायर सिस्टम की व्यवस्था है। म्यूजियम में एक बार में 100 लोगों को प्रवेश की अनुमति होगी ताकि दर्शक शांति और भक्तिमय माहौल में रामायण की कथा का अनुभव कर सकें। प्रवेश शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है और इससे होने वाली आय का 12 प्रतिशत हिस्सा नगर निगम को अयोध्या के विकास कार्यों के लिए मिलेगा।








