Chandigarh Crime News: चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में बुधवार को हुई दर्दनाक हिट एंड रन की घटना के दो दिन बाद पुलिस ने आख़िरकार थार गाड़ी के आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही दो सगी बहनों को एक तेज रफ़्तार काली थार ने जोरदार टक्कर मार दी थी, जिसमें बड़ी बहन सोजेफ की मौत हो गई थी, जबकि छोटी बहन ईशा गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसका इलाज सेक्टर-32 के अस्पताल में चल रहा है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान नेरोशप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब यूनिवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई कर रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि उसके पिता पंजाब में तहसीलदार हैं। दुर्घटना के बाद से ही आरोपी फरार था और पुलिस गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही थी।
इस मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई में लापरवाही बरतने के आरोप में सेक्टर-45 की बुड़ैल चौकी के इंचार्ज गुरजीवन सिंह पर भी गाज गिरी है। उन्हें उनके पद से हटा दिया गया है और उनकी जगह इंस्पेक्टर नवीन को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस की धीमी कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार ने कड़ी नाराजगी जाहिर की थी, जिसके बाद पुलिस पर तेजी से एक्शन लेने का दबाव बढ़ा।
हादसे के बाद थार चालक ने मौके से भागने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया है। मृतक सोजेफ और घायल ईशा बुड़ैल की रहने वाली थीं और कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की आर्थिक मदद के लिए ब्यूटी पार्लर का काम भी सीख रही थीं। इस गिरफ्तारी के बाद, अब पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
(For more news apart from uttarakhand latest news, Breaking, Update in hindi, stay tuned to Mdano News Hindi)








