बीकेटीसी बजट बैठक
श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बजट बैठक मंगलवार को बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में देहरादून में संपन्न हुई। बैठक में आगामी यात्रा सत्र 2026-27 को दृष्टिगत रखते हुए लिए 1210799501 से अधिक का अनुमानित बजट पारित किया गया ।बजट बैठक में श्री बदरीनाथ धाम के लिए 574739601 रूपये तथा श्री केदारनाथ धाम के लिए 636059900 रुपये बजट का प्रावधान किया गया है । बजट में प्रस्तावित आय के सापेक्ष 994536651 का प्रस्तावित व्यय दिखाया गया है। बैठक का संचालन करते हुए मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने पिछले बोर्ड बेठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की। तथा बीकेटीसी का वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया।
केदारनाथ-बदरीनाथ मंदिर में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक सहित यात्रा व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
इसके साथ ही श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि चारधाम यात्रा का अप्रैल माह में शुभारंभ हो रहा है आगामी यात्रा काल को ध्यान में रखकर बीकेटीसी ने बजट प्रावधान किये है। गौरतलब है कि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल तथा श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे है जबकि श्री गंगोत्री यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को खुलेंगे। बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में श्री केदारनाथ का पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब श्री बदरीनाथ पुनर्निर्माण कार्य चल रहे है।
प्रदेश सरकार के स्तर पर धामों में यात्रा तैयारियां त्वरित गति से चल रही है।बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि बीकेटीसी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल- और सुगम दर्शन व्यवस्था करना है। इसके लिए बजट में आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।
यहाँ भी पढ़े: उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन, दूसरे दिन ये विधेयक हुए पेश










