रुद्रप्रयाग गुलदार हमला सहायता के तहत जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने अगस्त्यमुनि क्षेत्र में गुलदार हमले में मृतक बच्चे के परिजनों से मुलाकात की।
रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने विकासखंड अगस्त्यमुनि के सिंद्रवाणी में गुलदार के हमले से मृतक बच्चे के परिजनों से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए परिवार को ढ़ाढस बंधाया । जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास लाभ, मृतक की माता के बैंक खाते में 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, मृतक की दो बहनों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ और मृतक के दादा-दादी को वृद्धावस्था पेंशन देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
गुलदार की धरपकड़ के लिए वन विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर 3 पिंजरे लगाए गए हैं । इसके साथ ही 5 ट्रैप कैमरों सहित आधुनिक उपकरणों की सहायता से लगातार निगरानी की जा रही है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। इसके अतिरिक्त वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया है, जो आगामी 4-5 दिनों तक क्षेत्र में रहकर गुलदार की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करेंगे।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद से ही प्रशासन ने तत्परता के साथ कार्यवाही की। साथ ही पीड़ित परिवार की भी पूरी मदद करने का भरोसा दिया है।

बता दें कि रुद्रप्रयाग जनपद के न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिन्द्रवाणी गांव में मंगलवार को दर्दनाक घटना सामने आई जहां पांच साल के बच्चे को गुलदार उसकी मां के हाथ से खींचकर ले गया। इसके बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों के साथ ही वन विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें बच्चे की तलाश में जुट गईं। देर रात गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बच्चे का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला।
यहाँ भी पढ़े: रुद्रप्रयाग में 5 साल के बच्चे को उठा ले गया गुलदार, देर रात बरामद हुआ शव









