LPG Shortage Swiggy Zomato Order Drop 2026: भारत के महानगरों में इन दिनों रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत ने आम जनजीवन के साथ-साथ पूरे फूड डिलीवरी और आईटी सेक्टर को घुटनों पर ला दिया है। पश्चिम एशिया (ईरान-इजराइल संघर्ष) में जारी तनाव के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला बाधित होने से देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत पैदा हो गई है। इसका सीधा असर अब लोगों की थाली और गिग वर्कर्स की जेब पर पड़ रहा है।
डिलीवरी पार्टनर्स की कमाई पर ‘ब्रेक’
स्विगी और जोमैटो जैसे प्लेटफॉर्म्स पर काम करने वाले डिलीवरी एजेंट्स के लिए स्थिति ‘रोजी-रोटी’ के संकट में बदल गई है। दिल्ली, बेंगलुरु और पुणे जैसे शहरों से मिल रही रिपोर्टों के अनुसार, जो डिलीवरी बॉय पहले दिन भर में 25 से 30 ऑर्डर पहुँचाते थे, उन्हें अब मुश्किल से 5 ऑर्डर मिल रहे हैं।(LPG Shortage Swiggy Zomato Order Drop 2026)
गिग वर्कर्स यूनियन (GIPSWU) के अनुसार, कमर्शियल सिलेंडरों की कमी की वजह से 60% से अधिक रेस्टोरेंट, ढाबे और क्लाउड किचन या तो पूरी तरह बंद हो गए हैं या उन्होंने अपना मेन्यू सीमित कर दिया है। ऑर्डर की संख्या में 50-80% की इस गिरावट ने लाखों परिवारों को भुखमरी की कगार पर खड़ा कर दिया है।
IT कंपनियों का ‘टिफिन’ एडवाइजरी
संकट का असर केवल सड़कों पर नहीं, बल्कि बड़ी टेक कंपनियों के वातानुकूलित दफ्तरों में भी दिखने लगा है। इंफोसिस (Infosys) जैसी दिग्गज आईटी कंपनियों ने अपने पुणे, बेंगलुरु और चेन्नई कैंपस के कर्मचारियों को इंटरनल मेल भेजकर ‘घर से टिफिन लाने’ या ‘हल्का भोजन’ करने की सलाह दी है।
कंपनियों के फूड कोर्ट्स में गैस की कमी के कारण लाइव काउंटर (डोसा, ऑमलेट आदि) बंद कर दिए गए हैं। कुछ कंपनियों ने तो इवेंट्स और बड़ी मीटिंग्स के लिए होने वाली कैटरिंग सेवाओं को भी फिलहाल स्थगित कर दिया है। पुणे के हिंजवड़ी आईटी पार्क में काम करने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियरों का कहना है कि कैंटीन में केवल उबला हुआ या बेक्ड खाना मिल रहा है, वह भी सीमित मात्रा में।
रेस्टोरेंट्स में ‘हाफ मेन्यू’ और इंडक्शन का सहारा
रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें काले बाजार में ₹2500 से ₹3000 तक पहुँच गई हैं। कई छोटे रेस्टोरेंट्स ने गैस बचाने के लिए ऐसे व्यंजन हटा दिए हैं जिन्हें पकने में अधिक समय लगता है।
- बेंगलुरु: पीजी (PG) मालिकों ने दोपहर का भोजन बंद कर दिया है।
- पुणे: 10,000 से अधिक छोटे ईटिंग जॉइंट्स पर ताले लग चुके हैं।
- समाधान: कुछ बड़े क्लाउड किचन इंडक्शन कुकिंग की ओर मुड़ रहे हैं, लेकिन बेकरी और तंदूरी आइटम्स के लिए गैस का कोई तत्काल विकल्प नहीं मिल रहा है।
सरकार का रुख और बाजार की चिंता
सरकार ने स्थिति को देखते हुए ‘अनिवार्य वस्तु अधिनियम’ (Essential Commodities Act) लागू कर दिया है और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री ने जनता से पैनिक न करने की अपील की है, लेकिन डिलीवरी मार्केट में डर का माहौल है। बुधवार को शेयर बाजार में जोमैटो और स्विगी के शेयरों में 4-5% की गिरावट देखी गई।
यूनियनों ने अब सरकार से मांग की है कि प्रभावित गिग वर्कर्स को ₹10,000 की तत्काल राहत दी जाए और कमर्शियल सेक्टर के लिए गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
(For more news apart from LPG Shortage Swiggy Zomato Order Drop 2026 news in hindi, stay tuned to Mdano News In Hindi)











