हरिद्वार फायरिंग की सनसनीखेज घटना
हरिद्वार में कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर प्रशासनिक टीम जांच करने पहुंची। प्रशासनिक टीम के सामने ही फायरिंग की घटना हो गई। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई व प्रॉपर्टी डीलर सचिन चौहान और उनका एक रिश्तेदार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। गोली सचिन के पेट में लगी है।
जानकारी के मुताबिक प्रशासनिक अमला सरकारी भूमि पर कब्जे से जुड़ी शिकायतों के सत्यापन के लिए गांव पहुंचा था। इसी दौरान भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अतुल चौहान और तरुण चौहान के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। विवाद बढ़ने के बीच अचानक गोली चलने की आवाज गूंजी और सचिन चौहान घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके अलावा उनके एक रिश्तेदार कृष्णपाल को भी गोली लगी है।
गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
वहीं सूचना मिलते ही कनखल पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटनास्थल को सील कर दिया। हमलावर फरार हैं जिनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश में जुटीं हैं।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटनाक्रम में शामिल लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई, गोली किसने चलाई और विवाद की वजह क्या रही, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
यहाँ भी पढ़े: हरिद्वार — सिडकुल थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक से मिला शव, इलाके में सनसनी









