गैरसैंण विधानसभा बजट सत्र 2026 कल से भराड़ीसैंण में शुरू होने जा रहा है
गैरसैंण के भराड़ीसैंण में कल से शुरू होने वाले विधानसभा बजट सत्र-2026 को लेकर पुलिस प्रशासन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरूगेशन ने सत्र ड्यूटी में तैनात समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफिंग दी। उन्होंने पुलिस बल को सतर्क, अनुशासित और जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरूगेशन ने ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया कि यहां पर उपस्थित पुलिस बल पूर्व में भी कई बार विधानसभा सत्र ड्यूटी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुका है और इसी प्रकार इस बार भी पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जाना है। ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतते हुए किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए तथा सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा गेट पर केवल अधिकृत व्यक्तियों और पासधारकों को प्रवेश की अनुमति होगी। बैरियर ड्यूटी पर किसी भी जुलूस, धरना या प्रदर्शन को विधानसभा परिसर तक पहुँचने से रोका जाएगा।
पुलिस बल को ड्यूटी के दौरान संयमित और मर्यादित व्यवहार बनाए रखने तथा असामान्य स्थिति होने पर तुरंत प्रभारी को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक, उपाधीक्षक, प्रभारी निरीक्षक, उपनिरीक्षक, आरक्षी, महिला आरक्षी, यातायात पुलिस, सशस्त्र पुलिस, होमगार्ड और विशेष टीमें शामिल हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार द्वारा भी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विधानसभा सत्र के दौरान पूर्ण सतर्कता, अनुशासन तथा समन्वय के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
यहाँ भी पढ़े: महिला दिवस 2026: ‘हक, न्याय और कार्रवाई’ के संकल्प के साथ दुनिया मना रही है नारी शक्ति का उत्सव, जानें पुराना इतिहास










