देहरादून हत्याकांड ने एक बार फिर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौंसले किस कदर बुलंद हैं इसका प्रमाण रोजाना देखने को मिल रहा है। दो दिन पहले ही जहां युवक की हत्या ने सनसनी फैला दी थी। वहीं आज सुबह एक बार फिर दून में सरेआम हत्याकांड से दहशत का माहौल है। यहां राजपुर रोड सिल्वर सिटी कंपलेक्स में सुबह जिम से बाहर निकलते समय एक युवक के सिर पर गोली मार दी गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक का नाम विक्रम शर्मा बताया जा रहा है जो सहस्त्रधारा निवासी बताए जा रहे है जिम से घर जाते वक्त घटना हुई। मौके पर आईजी गढ़वाल, एसएसपी देहरादून समेत भारी पुलिस बल मौजूद है।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को ही तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। अज्ञात हमलावरों ने कारोबारी अर्जुन शर्मा की जिस तरह से गोली मारकर हत्या की है उससे इलाके में अफरातफरी है। बेखौफ बदमाशों ने सरेआम वारदात को अंजाम देकर देहरादून पुलिस को खुली चुनौती दी है। हालांकि पुलिस ने कुछ घंटे के भीतर ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं देहरादून शहर में बीती दो फरवरी को गुंजन हत्याकांड ने सनसनी फैला दी थी। दूल्हा बाजार में सुबह करीब 11 बजे आकाश ने गुंजन के गले पर चापड़ से वार कर हत्या कर दी थी। आरोपी सलाखों के पीछे है, इस मामले में पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर रिकाॅर्ड समय में हत्यारोपी आकाश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी थी।
लगातार हो रही वारदातों से लोग देहरादून में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
यहाँ भी पढ़े: देहरादून के दूल्हा बाजार में युवती की हत्या मामले में एसएसपी का एक्शन, खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी को किया लाइन हाजिर








