देहरादून 5 किमी सड़क सुरक्षा रन के तहत युवाओं ने सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित 5 किलोमीटर दौड़ का फ्लैग ऑफ किया। विभिन्न आयु वर्गों के बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने इस दौड़ में भाग लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यातायात के नियमों का पालन करना और पर्यावरण की रक्षा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

बता दें कि देहरादून में 36वें सड़क सुरक्षा माह के दौरान, परिवहन और पुलिस विभाग ने जन जागरूकता के लिए व्यापक अभियान चलाए। इस अभियान का मकसद सिर्फ चालान या दंडात्मक कार्रवाई तक सीमित न रहकर दुर्घटनाओं की रोकथाम और नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि इस दौरान ड्राइवरों, कंडक्टरों, स्कूल और कॉलेज के छात्रों सहित आम नागरिकों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें एक विशेष कार्निवल भी शामिल था। अभियान का मुख्य फोकस सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया। अभियान के माध्यम से यही संदेश देने का प्रयास किया गया कि सड़क सुरक्षा को कर्तव्य और जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाए।
यहाँ भी पढ़े: उत्तराखंड जल्द बदलेगा मौसम, 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट








