मुंबई। विवादास्पद रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ के ग्रैंड फिनाले से ठीक पहले घर में बड़ा बवाल हो गया है। होस्ट सलमान खान ने ‘वीकेंड का वार’ में अभिनेत्री अशनूर कौर को घर से बेघर कर दिया है। यह कार्रवाई अशनूर द्वारा ‘टिकट टू फिनाले’ टास्क के दौरान कंटेस्टेंट तान्या मित्तल के साथ शारीरिक हिंसा करने के चलते की गई है।
हिंसा और एविक्शन का कारण
‘टिकट टू फिनाले’ टास्क में जब तान्या मित्तल ने अशनूर कौर को रेस से बाहर करने के लिए उनका गेम बिगाड़ा, तो अशनूर गुस्से से भड़क गईं। आवेश में आकर उन्होंने टास्क में इस्तेमाल होने वाला लकड़ी का तख़्ता तान्या मित्तल की तरफ जोर से फेंक दिया, जिससे तान्या को चोट लगी।
इस घटना पर ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान ने कड़ा रुख अपनाया। शो के प्रोमो में सलमान अशनूर को फटकार लगाते हुए दिखे और साफ कहा कि “बिग बॉस के घर में किसी पर हाथ उठाना या किसी को चोट पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है।”
अशनूर ने अपनी सफाई में कहा कि उनका इरादा तान्या को चोट पहुँचाने का नहीं था और यह गलती से हो गया। इस पर सलमान ने गुस्से में जवाब दिया, “ये लग गई, लग गई क्या होता है? आपका एग्रेशन इस लेवल का था कि आपने जानबूझकर पूरे फोर्स के साथ वुडन प्लैंक घुमाया।”
बिग बॉस के नियम का उल्लंघन
सलमान खान ने जोर देकर कहा कि घर में शारीरिक हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह घर के नियमों का सबसे बड़ा उल्लंघन है। सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान ने तुरंत अशनूर कौर के एविक्शन (बेघर करने) की घोषणा कर दी, जिससे अन्य घरवाले भी पूरी तरह से स्तब्ध रह गए।
खबरों के अनुसार, अशनूर कौर को घर से बाहर कर दिया गया है। ग्रैंड फिनाले से ठीक पहले हुए इस बड़े एविक्शन ने शो में माहौल को और भी गर्म कर दिया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि आज के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में होगी।











