केदारनाथ यात्रा 2026 सुरक्षा निरीक्षण के तहत पुलिस टीम ने गौरीकुंड से केदारनाथ तक 3 दिवसीय निरीक्षण किया।
22 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एसपी रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग/गुप्तकाशी विकास पुण्डीर के नेतृत्व में 16 सदस्यीय अग्रिम दल को केदारनाथ धाम और सभी पैदल यात्रा पड़ावों के निरीक्षण के लिए रवाना किया था। यह दल अपना तीन दिवसीय सघन निरीक्षण और जरूरी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के बाद वापस लौट आया है।
हालांकि इस दल के वापस आने के बाद फिर केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी शुरू हो गयी है। जिससे प्रशासनिक सहित दूसरी आवश्यक व्यवस्थाएं फिर से थम सी गयी हैं।
पुलिस के इस अग्रिम दल ने केदारनाथ धाम सहित यात्रा मार्ग के पैदल पड़ावों पर पुलिस बल के आवास, बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा इंतज़ामों का बारीकी से आंकलन किया।
किन जगहों पर हुआ निरीक्षण
टीम ने केदारनाथ, लिंचोली, भीमबली और जंगलचट्टी में पुलिस बल के ठहरने की व्यवस्था और उपलब्ध सामग्री के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर साफ-सफाई सुनिश्चित की । इन सभी पड़ावों पर विद्युत आपूर्ति, पेयजल की उपलब्धता और दूसरी अनिवार्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। जिन स्थानों पर मरम्मत की जरूरत है, उन्हें चिन्हित किया गया है। अग्रिम दल ने संचार तंत्र को और प्रभावी बनाने तथा फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति की जांच की। आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और आपदा प्रबन्धन दलों हेतु चिन्हित स्थलों का जायजा लिया गया।
इस सम्पूर्ण निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों और ऐसे मुद्दे जिन्हें तत्काल ठीक किया जाना अनिवार्य है, उनकी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है।
पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर ने कहा कि टीम मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जब आगामी दिवसों में यात्रा ड्यूटियों के लिए पुलिस बल अपनी तैनाती पर पहुंचे, तो उन्हें बुनियादी सुविधायें पहले से ही दुरूस्त मिले। साथ ही, यात्रियों की सुरक्षा के लिए संचार और फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
यहाँ भी पढ़े: कुंभ 2027 के बेहतर संचालन के लिए सरकार प्रतिबद्ध, इन अधिकारियों को सौंपा जिम्मा
(For more updates on Kedarnath Yatra 2026 and Uttarakhand travel news, stay tuned to MDANO News in Hindi)









