बॉलीवुड के पावर कपल दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने इस दिवाली पर अपने फैंस को एक बेहद खास तोहफा दिया है। शादी के छह साल बाद माता-पिता बने इस जोड़े ने आखिरकार अपनी बेटी ‘दुआ पादुकोण सिंह’ का चेहरा दुनिया के सामने रिवील कर दिया है। जन्म के बाद से ही दोनों ने अपनी बेटी को मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा था और केवल उसके छोटे पैरों की तस्वीर साझा की थी, लेकिन अब दिवाली के खास मौके पर उन्होंने पहली बार बेटी के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं।
साझा की गई तस्वीरों में पूरा परिवार पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आ रहा है। दीपिका और उनकी प्यारी बेटी दुआ ने लाल रंग के मैचिंग कपड़े पहने हुए हैं, जबकि रणवीर सिंह क्रीम कलर के कुर्ते-पायजामे में हैं। तस्वीरों में दुआ बेहद मासूम और प्यारी लग रही हैं, जिसकी क्यूटनेस देखकर सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्रिटीज लगातार प्यार बरसा रहे हैं। एक तस्वीर में दीपिका पूजा करती दिख रही हैं और दुआ उनकी गोद में आराम से बैठी हुई है, जिसे देखकर कई यूजर्स ने कमेंट किया कि वह ‘साक्षात लक्ष्मी’ जैसी दिख रही है

रणवीर और दीपिका ने 8 सितंबर 2024 को बेटी दुआ का स्वागत किया था। कपल ने अपनी बेटी का नाम ‘दुआ’ रखा है, जिसका अर्थ है ‘प्रार्थना’, क्योंकि उन्होंने बताया था कि वह उनकी प्रार्थनाओं का फल है। बेटी का चेहरा पहली बार सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर खुशी का माहौल है और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।









